वाराणसी, जम्मू, बठिंडा और फरीदकोट से सजाई जाएंगी शोभा यात्राएं, 3 दिसंबर को पहुंचेंगी श्री खुरालगढ़ साहिब
संगत की आमद के मद्देनजर बड़े स्तर पर किए जाएंगे इंतजाम
गढ़शंकर/होशियारपुर, 20 नवंबर : पंजाब सरकार की ओर से श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित समागमों की श्रृंखला के तहत वाराणसी, जम्मू, बठिंडा और फरीदकोट से चार शोभा यात्राएं सजाई जाएंगी, जो 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेंगी। इसके उपरांत 4, 5 और 6 दिसंबर को लगातार बड़े स्तर पर धार्मिक समागम करवाए जाएंगे।
समागमों की रूपरेखा के अनुसार तैयारियों और प्रबंधों का जायजा लेने के लिए आज मीनार-ए-बेगमपुरा में उच्च स्तरीय मीटिंग के दौरान बड़ी संख्या में संगत की आमद के मद्देनजर विचार-विमर्श किया गया। विधानसभा के डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने अधिकारियों को ताकीद की कि समय रहते समागमों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाए। तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब के मुख्य सेवादार बाबा केवल सिंह की मौजूदगी में मार्कफेड के एम.डी. विशेष सारंगल, डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन और पर्यटन विभाग के डायरेक्टर संजीव तिवारी ने विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों से बातचीत करते हुए संगत के लिए सुगम आवागमन, रिहाइश और लंगर व्यवस्था की जरूरत पर जोर दिया।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि 3 दिसंबर को चार शोभा यात्राएं श्री खुरालगढ़ साहिब में संपूर्ण होंगी। इसके उपरांत 4 दिसंबर को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और अन्य शख्सियतें तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब में श्री अखंड पाठ साहिब की आरंभता के मौके पर एकत्र होंगी। इसके बाद मुख्यमंत्री द्वारा मीनार-ए-बेगमपुरा कॉम्प्लेक्स में गुरु जी के जीवन से संबंधित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। 4 दिसंबर को दोपहर बाद संत सम्मेलन और कीर्तन दरबार के बाद शाम 7 बजे गुरु जी के जीवन, शिक्षाओं और दर्शन पर आधारित थ्री डी प्रोजेक्शन और ड्रोन शो होगा।
डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि दूसरे दिन 5 दिसंबर को चरन छोह गंगा से नगर कीर्तन सजाया जाएगा, जिसके उपरांत कीर्तन दरबार और थ्री डी प्रोजेक्शन होगी। इसी तरह 6 दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले जाएंगे और मुख्यमंत्री की ओर से पौधे लगाने के अभियान का आगाज किया जाएगा। समागम स्थल पर कीर्तन दरबार करवाया जाएगा। श्रद्धालुओं की आमद के मद्देनजर टेंट सिटी में उनके ठहरने का विशेष प्रबंध भी किया जाएगा। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के मद्देनजर संबंधित विभागों को सुचारू इंतजाम अमल में लाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) अमरजीत, एस.डी.एम. गढ़शंकर संजीव कुमार, आर.टी.ओ. अमनदीप कौर, सहायक कमिश्नर गुरकंवल सिंह, तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब से बाबा नरेश सिंह, बाबा सुखदेव सिंह के अलावा विभिन्न विभागों के सीनियर अधिकारी मौजूद थे।
—-
कैप्शन : पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी श्री खुरालगढ़ साहिब में होने वाले समागमों संबंधी रूपरेखा के बारे में अधिकारियों से बातचीत करते हुए।

