गयाजी। शहर के चांदचौरा स्थित न्यू मध्य विद्यालय में बुधवार को सामान्य शैक्षणिक ओलंपियाड प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों के बीच रजिस्ट्रेशन फार्म का वितरण किया गया। फार्म मिलने के बाद छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष व भाजपा के वरीय नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच रजिस्ट्रेशन फार्म का वितरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की प्रतिभा को बेहतर मंच देने की जरूरत है। अवसर मिलने पर इन विद्यालयों के विद्यार्थी भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ओलंपियाड जैसी प्रतियोगिताओं में शामिल होने से बच्चों को अपनी शैक्षणिक क्षमता परखने का अवसर मिलता है। साथ ही उनका आत्मविश्वास और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति रुचि भी बढ़ती है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने की अपील की।
विद्यालय के प्राचार्य राकेश कुमार सिन्हा ने भी प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी सहायक होती हैं।
इस मौके पर शिक्षक शाहिद दिलदार, वार्ड पार्षद राजू कुमार सिन्हा, भाजपा नेता संतोष ठाकुर, बबलू गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
