24.8 C
Jalandhar
Sunday, April 19, 2026
Home Blog Page 489

Ramiz Raja Sacked: पीसीबी के चेयरमैन रमीज राजा हुए बर्खास्त, नजम सेठी होंगे अगले प्रमुख

0

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन रमीज राजा (Ramiz Raja) को बर्खास्त कर दिया गया है। उनके स्थान पर नजम सेठी (Najam Sethi) अब कुर्सी संभालेंगे। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने नजम सेठी के नाम पर मुहार लगा दी है। इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज गंवा दी थी। उसके बाद इस बात की चर्चा हो रही थी कि रमीज राजा की कुर्सी जा सकती थी।
इंग्लैंड सीरीज के दौरान ही बोर्ड के पूर्व सदस्यों के नेतृत्व में एक गुट ने रमीज को पीसीबी अध्यक्ष के पद से हटाने के लिए एक अभियान शुरू किया था। इस गुट का दावा था कि पर्दे के पीछे कोई खेल खेला जा रहा है। देश के कानून मंत्रालय ने पीसीबी में बदलाव के लिए बोर्ड के संरक्षक प्रधानमंत्री से मुलाकात की भी की थी। नजम सेठी की बात करें तो वह जून 2013 से जनवरी 2014 तक, फरवरी 2014 से मई 2014, अगस्त 2017 से अगस्त 2018 तक पीसीबी के चेयरमैन थे। यह उनका चौथा कार्यकाल होगा।
इमरान खान ने रमीज राजा को बनाया था चेयरमैन
जब इमरान खान की पार्टी ने 2018 के आम चुनावों में अधिकांश सीटें जीतीं, तो नजम सेठी ने पीसीबी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। पीसीबी बोर्ड के संविधान के मुताबिक, प्रधानमंत्री ही अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवारों को नामांकित करता है। इसके बाद उनमें से किसी एक को ‘बोर्ड ऑफ गवर्नर्स’ बतौर अध्यक्ष चुनता है। रमीज राजा को 2021 में पीसीबी अध्यक्ष बनाया गया।
इमरान खान के बाद जब शाहबाज शरीफ देश के प्रधानमंत्री बने तो ऐसा माना गया था कि रमीज राजा की कुर्सी जा सकती थी। हालांकि, रमीज काफी दिनों तक अपनी कुर्सी बचाने में कामयाब रहे। अब इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में टीम के खराब प्रदर्शन और कई आरोपों के बाद उन्हें हटा दिया गया।
अपने बयानों को लेकर विवादों में रहे रमीज राजा
कुछ दिनों पहले एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष जय शाह ने पाकिस्तान से 2023 एशिया कप की मेजबानी छीनने की बात भी कही थी। जय शाह ने कहा था कि भारतीय टीम 2023 एशिया कप खेलने पाकिस्तान नहीं जाएगी। इस टूर्नामेंट के लिए कोई न्यूट्रल वेन्यू तय किया जाएगा। इसके बाद रमीज राजा ने अगले साल भारत में होने वाले वर्ल्ड कप से टीम का नाम वापस लेने की भी धमकी दी थी। हालांकि, बाद में उन्होंने कहा था कि लोग इसी तरह का जवाब चाहते हैं।

Covid-19 Alert: कोरोना पर लेकर नई एडवाइजरी जारी, बूस्टर डोज लगवाना अनिवार्य, भीड़भाड़ वाली जगहों में पहनें मास्क

0

Covid-19 Alert: चीन-अमेरिका समेत दुनिया के कई देशों में बढ़ते जानलेवा कोरोना वायरस को लेकर सरकार सतर्क हो गई है। कोरोना का प्रसार रोकने के लिए सरकार ने नई एडवाइजरी जारी की है। कोरोना पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की बैठक के बाद नीति आयोग के सदस्य डॉ वीके पॉल ने कहा है कि घबराने की कोई बात नहीं है, लेकिन सावधानी जरुर बरतनी चाहिए। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क जरूर पहनें। साथ ही जिन लोगों ने अभी तक बूस्टर डोज नहीं लगवाई है, वह जल्द से जल्द इसे लगवाएं, ताकि कोरोना को फैलने से रोका जा सके।
जरुर लगवाएं बूस्टर डोज
डॉ वीके पॉल ने कहा कि अभी तक केवल 27 से 28 फीसदी लोगों ने बूस्टर डोज ली है। हमें इसे बढ़ाना होगा। हम अन्य लोगों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों से अपील करते हैं कि वह यह डोज लगाएं। बूस्टर डोज अनिवार्य है और सभी के लिए निर्देशित है। वैसे देश में फिलहाल कोरोना की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। कोरोना की मौजूदा पॉजिटिविटी दर 1 फीसदी से भी कम है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इससे जुड़ा एक वीडियो भी शेयर किया है।
सरकार ने बताया कि सितंबर के जीनोम सर्विलांस में तीन बार भारत में BF.7 वैरिएंट पाया गया, यानी हम इसे चिन्हित कर चुके हैं, जिससे चीन में लोग संक्रमित हो रहे हैं। वहीं देश में कोरोना के लगभग सभी वैरिएंट आ चुके हैं, इसलिए लोगों में इसे लेकर इम्यूनिटी विकसित हो चुकी है। सरकार ने कहा कि फिर भी अब निगरानी बढ़ाई जाएगी और राज्यों को मास्क लाने के निर्देश लाकर अनुपालन कराना होगा। हालांकि क्रिसमस, नए साल और त्योहारों पर कोई रोक नहीं लगेगी। सरकार अब हर हफ्ते इस मामले पर मीटिंग करेगी और स्थिति की समीक्षा कर, उसी हिसाब से एडवाइजरी जारी करेगी।

जेल से बाहर आएगा 19 साल से नेपाल की जेल में बंद ‘बिकिनी किलर’ चार्ल्स शोभराज

0

नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने फ्रेंच सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज को रिहा करने का आदेश दिया है। शोभराज को उम्र के आधार पर रिहा कर दिया गया है। वह हत्या के आरोप में 2003 से नेपाली जेल में बंद है। अदालत ने रिहाई के 15 दिनों के भीतर उसके निर्वासन का भी आदेश दिया। जुर्म की दुनिया में ‘बिकनी किलर’ और ‘सीरियल किलर’ के नाम से मशूहर शोभराज पर भारत, थाईलैंड, तुर्की और ईरान में 20 से अधिक लोगों की हत्या करने का आरोप है। भारतीय पिता और वियतनामी मां की संतान शोभराज पर 1975 में नेपाल में प्रवेश करने के लिए एक नकली पासपोर्ट का उपयोग करने और दो पर्यटकों- अमेरिकी नागरिक कोनी जो बोरोनज़िच और उसकी प्रेमिका कनाडाई लॉरेंट कैरिएर की हत्या करने का आरोप लगा था।
1 सितंबर, 2003 को एक समाचार पत्र द्वारा उनकी तस्वीर प्रकाशित करने के बाद शोभराज को नेपाल में एक कैसीनो के बाहर देखा गया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद, पुलिस ने उनके खिलाफ 1975 में काठमांडू और भक्तपुर में दंपति की हत्या के आरोप में हत्या के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए।

चीन में कोरोना विस्फोट से दुनियाभर में दहशत, अलर्ट मोड में भारत… फटाफट लिए गए ये फैसले

नई दिल्ली. चीन में कोविड (Covid in China) के बेकाबू होने से अन्य देशों में भी खतरा बढ़ गया है और भारत में भी इसे लेकर हलचल तेज हो गई है। आनन-फानन में स्वास्थ्य विभाग ने एक मीटिंग बुलाकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। सरकार दावा कर रही है कि देश हर स्थिति से निपटने को तैयार है। घबराने की कोई जरूरत नहीं है। यहां बता दें कोरोना का बुरा असर भारत समेत दुनिया भर की अर्थव्यवस्थाएं (Economy) झेल चुकी हैं, ऐसे एक और झटका झेलना नुकसानदायक होगा। आइए जानते हैं देश में क्या तैयारियां हो रही हैं…
चीन समेत तमाम देशों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। दुनिया में पिछले एक हफ्ते में कोरोना के 36 लाख मामले सामने आए हैं जबकि इस अवधि में 10 हजार लोगों की मौत हुई है। चीन समेत अर्जेंटीना, ब्राजील और जापान में संक्रमण में तेज उछाल आया है, वहीं अमेरिका, जर्मनी और ताइवान जैसे देशों में नए मामले बढ़ रहे हैं।
अन्य देशों की तुलना में चीन में कोरोना से हालात बेकाबू नजर आ रहे हैं। चीन के चोंगकिंग शहर से कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें जो दृश्य देखने को मिल रहे हैं, उन्हें देखकर दहशत बढ़ रही है। इनमें देखा जा सकता है कि अस्पतालों में मरीजों के चेकअप के दौरान एक डॉक्टर किस तरह अचानक थककर सो जाता है। चीन से सामने आ रही इसी तरह की तस्वीरें और वीडियो परेशान कर देने वाले हैं। इससे चीन की इकोनॉमी के लिए भी बड़ा खतरा पैदा हो गया है।

Bigg Boss 16 : क्या प्रियंका चौधरी 25 लाख रुपये के लिए अंकित गुप्ता को करेंगी बेघर? देखें वीडियो

0

Bigg Boss 16 : कलर्स ने बुधवार को बिग बॉस 16 का नया प्रोमो जारी किया है। बिग बॉस इसमें प्रियंका चौधरी को एक ऑफर देते हुए नजर आ रहे हैं। प्रोमो में बिग बॉस प्रियंका चहर चौधरी से पूछते हैं कि क्या वह अंकित गुप्ता को शो से निकालने के बदले 25 लाख रुपये की प्राइस मनी वापिस लाना चाहेंगी। इस पर अंकित का एक्सप्रेशन देखने लायक है। गौरतलब है कि अंकित गुप्ता पहले से ही बिग बॉस 16 से बाहर होने के लिए नॉमिनेटेड है। अंकित-प्रियंका की केमिस्ट्री काफी पसंद की जाती है। दोनों एक-दूसरे का काफी समर्थन भी करते हैं। टास्क में भी दोनों साथ नजर आते हैं।
बिग बॉस द्वारा जारी नए प्रोमो में बिग बॉस सभी प्रतियोगी से कहते हैं कि घर में आने वाले मेहमानों को उन्हें कुछ घंटे के लिए इग्नोर करना होगा। अगर वे ऐसा करने में असफल हो जाते हैं तो उन्हें घर का राशन त्याग देना होगा। शालीन भनोट को चिकन से टेम्प किया जाता है, वहीं विजय सुम्बुल के पिता द्वारा लिखा गया लेटर पढ़ते हुए नजर आते हैं।
बिग बॉस एक दशक से भी ज्यादा समय से चल रहा है। यह पहली बार है कि बिग बॉस की वॉइस कैमरे पर नजर आई है। यह शो 2009 से टीवी पर आ रहा है। विजय अभिनेता भी हैं। उन्होंने मनोज वाजपेई की वेब सीरीज द फैमिली मैन में भी काम किया था। इसके अलावा वह स्पेशल ऑप्स 1.5 द हिम्मत स्टोरी में भी नजर आए थे। उन्होंने फिल्म 777 चार्ली में भी काम किया था। वह काजोल की वेब सीरीज गुड नाइट में भी नजर आये थे।

Byju’s बच्चों के खरीद रही फोन नंबर, कोर्स न लेने पर पेरेंट्स को मिल रही धमकी : NCPCR

0

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) ने एडटेक कंपनी बायजूस (Byju’s) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आयोग का कहना है कि कंपनी की ओर से बच्चों के फोन नंबर्स खरीदे जाने की जानकारी मिली है। NCPCR के अध्यक्ष प्रियांक कानूनगो ने मंगलवार को कहा, ‘हमें पता चला है कि बायूज बच्चों और उनके पेरेंट्स के फोन नंबर खरीद रही है और उन्हें धमकी दे रही है कि अगर उन्होंने कोर्स नहीं खरीदा तो उनका भविष्य बर्बाद हो जाएगा।’
प्रियांक कानूनगो ने कहा, ‘हमें पता चला है कि यह बच्चों का साइकोमेट्रिक टेस्ट करते हैं और बच्चों के माता-पिता को डराते हैं कि उनके बच्चों का भविष्य खत्म हो चुका है। वे बच्चों को ऐसा नहीं कह सकते। हमें जहां जैसी गलतियां मिलेंगी, हम वैसी कार्रवाई करेंगे। हमें 2021 की दिसंबर में शिकायत मिली थी कि कम आय वाले बच्चों के माता-पिता के पास बायजूस के सेल्स एग्जीक्यूटिव जाते हैं और EMI बोलकर फाइनेंस कंपनी से पेरेंट्स की क्षमता से अधिक के लोन दिलवाते हैं।’
बायजूस के CEO रविंद्रन को NCPCR की ओर से हाल ही में समन जारी किया गया है। इसे लेकर प्रियांक कानूनगो ने कहा, ‘हाल में ही हमने एक रिपोर्ट पढ़ी जिसमें बायजूस के काम करने का तरीका नहीं बदला था जिसके बाद हमने बायजूस के CEO को समन किया है। हमने उन्हें कमीशन के सामने 23 दिसंबर को पेश होने के लिए कहा है जिसके बाद हम आगे की कार्रवाई तय करेंगे।’

पंजाब में कल से सुबह 10 बजे खुलेंगे स्कूल, घने कोहरे के कारण लिया गया फैसला

0

न्यूज हंट. चंडीगढ़ : पंजाब में पड़े रहे घने कोहरे के कारण स्कूलों का समय बदल दिया गया है। सीएम भगवंत मान ने ट्वीट किया…प्रदेश में पड़ रहे घने कोहरे के कारण स्कूली छात्र-अध्यापकों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा की दृष्टि से कल यानी 21 दिसंबर 2022 से 21 जनवरी 2023 तक सभी राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के खुलने का समय 10 बजे होगा। स्कूलों की छुट्टी पूर्व निर्धारित समय के अनुसार होगी।

पाकिस्तान को ठिकाना बनाने वाले गैंगस्टर हैरी चट्ठा पर केस, जाली पासपोर्ट पर देश से भागा

0

न्यूज हंट. अमृतसर : जाली दस्तावेज से पासपोर्ट बनवा कर विदेश भागने वाले गैंगस्टर लखवीर सिंह उर्फ लंडा के साथी सुप्रीत सिंह उर्फ हैरी चट्ठा व सात अन्य के खिलाफ स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) ने केस दर्ज किया है। एसएसओसी के पास सूचना आई थी कि कुछ लोगों का संपर्क पासपोर्ट दफ्तर, सेवा केंद्र और पंजाब पुलिस के कुछ लोगों से है। यह लोग अंतरराज्यीय गैंगस्टरों के गुर्गों और खतरनाक भगोड़ों को विदेश भागने में मदद करते हैं और उन्हें जाली दस्तावेज के जरिये पासपोर्ट बनवाकर मुहैया करवाते हैं। एसएसओसी ने यह केस आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471, 474 और पासपोर्ट एक्ट 1976 के सेक्शन 12 (1) के तहत दर्ज किया है। गैंगस्टर हैरी चट्ठा इन दिनों पाकिस्तान में है।
जांच के बाद एसएसओसी ने पाया कि गैंगस्टर लंडा गैंग के सदस्य व गुरदासपुर के गांव चट्ठा निवासी सुप्रीत सिंह उर्फ हैरी चट्ठा, तरनतारन के गांव हवेलियां निवासी गुरजंट सिंह उर्फ भोलू, तरनतारन के भूच्चर गांव निवासी रछपाल सिंह उर्फ दाना, तरनतारन के गांव डियाल निवासी केंदरबीर सिंह उर्फ सन्नी, तरनतारन के गांव चंबल निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना, गुरदेव सिंह उर्फ जैमल, तरनतारन के पट्टी स्थित कुल्ला रोड निवासी राउ बरिंदर सिंह उर्फ राउ और गुरदासपुर थानाक्षेत्र के पवित्र सिंह जाली पहचान पत्रों के आधार पर पासपोर्ट बनवाकर विदेश भागने में कामयाब हो चुके हैं। इसके आधार पर ही एसएसओसी ने गैंगस्टर हैरी चट्ठा समेत आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने जाली दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट तैयार करने वाले गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग टीमें पंजाब के पासपोर्ट दफ्तरों, सेवा केंद्रों और पासपोर्ट से जुड़े विभाग में काम करने वाले पुलिस विभाग और अन्य संबंधित विभागों पर नजर रखने के लिए तैयार की हैं। वहीं पिछले दिनों पंजाब के पासपोर्ट दफ्तरों में पहुंचने वाले पासपोर्ट के आवेदनों को भी खंगालने की तैयारी कर ली है, ताकि संदिग्ध आवेदकों के पासपोर्ट आवेदन के साथ लगे सभी दस्तावेजों की जांच कर इस गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया जा सके।