Home Blog Page 905

SEBI ने अंबानी बंधुओं व अन्य पर लगाया 25 करोड़ रुपये का जुर्माना, दो दशक पुराने इस मामले में रेगुलेटर ने दिया है ये आदेश

0

बाजार नियामक सेबी (SEBI) ने दो दशक पुराने एक मामले में उद्योगपति बंधुओं मुकेश अंबानी व अनिल अंबानी, अन्य व्यक्तियों और इकाइयों पर कुल 25 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। नियामक ने साल 2000 में रिलायंस इंडस्ट्रीज से संबंधित अधिग्रहण नियमों का उल्लंघन करने को लेकर यह जुर्माना लगाया है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) ने अंबानी बंधुओं के साथ-साथ नीता अंबानी और टीना अंबानी पर भी जुर्माना लगाया है। नीता अंबानी देश के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी की पत्नी हैं। वहीं, टीना अंबानी उद्योगपति अनिल अंबानी की पत्नी हैं। सेबी ने 85 पृष्ठ के अपने आदेश में कहा है कि RIL के प्रमोटर्स और पर्सन्स एक्टिंग इन कंसर्ट (PACs) साल 2000 में कंपनी की पांच फीसद से ज्यादा हिस्सेदारी के अधिग्रहण को लेकर जानकारी देने में विफल रहे। 

उल्लेखनीय है कि मुकेश और अनिल ने 2005 में रिलांस इंडस्ट्रीज का आपस में बंटवारा कर लिया था।  

सेबी की ओर से जारी आदेश के मुताबिक आरआईएल (RIL) के प्रमोटर्स ने साल 2000 में कंपनी में 6.83 फीसद हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया था। साल 1994 में जारी 3 करोड़ वारंट को परिवर्तित कर यह अधिग्रहण किया गया था। सेबी का कहना है कि यह अधिग्रहण रेगुलेशन के तहत तय पांच फीसद की सीमा से ज्यादा था।  

सेबी ने पाया है कि प्रमोटर्स और PACs ने शेयरों के अधिग्रहण को लेकर कोई सार्वजनिक घोषणा नहीं की। चूंकि, प्रमोटर्स और PACs ने शेयरों के अधिग्रहण को लेकर सार्वजनिक ऐलान नहीं किया, इससे यह आरोप लगा कि उन्होंने अधिग्रहण नियमों से जुड़े प्रावधानों का उल्लंघन किया।  

टीकाकरण पर सियासत तेज, अब केंद्र ने ‘कम वैक्सीनेशन’ को लेकर महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली को घेरा

0

केंद्र सरकार ने वैक्सीन की कमी का मुद्दा उठाने वाले राज्यों को पत्र लिखा है। महाराष्ट्र, पंजाब और दिल्ली को स्वास्थ्यकर्मियों समेत सभी योग्य लाभार्थियों के औसत से कम टीकाकरण को लेकर यह पत्र लिखा है। पंजाब, दिल्ली और महाराष्ट्र के प्रधान सचिवों को एक पत्र में अतिरिक्त स्वास्थ्य सचिव मनोहर अग्नानी ने उल्लेख किया है कि इन राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेश का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से नीचे है और इसमें सुधार की जरूरत है। 

भेज गिए पत्र में अपने-अपने राज्यों में कोरोना टीकाकरण अभियान के प्रदर्शन को सुधारने के लिए तुरंत जरूरी कदम उठाने का भी आग्रह किया गया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि महामारी की रोकथाम के लिए मौजूदा टीकाकरण अभियान में आपके सतत सहयोग की जरूरत है। अग्नानी द्वारा साझा किए गए इस पत्र से पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कड़ी टिप्पणी में महाराष्ट्र और कुछ अन्य राज्यों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे योग्य लोगों का टीकाकरण किए बिना टीके की मांग कर अपनी असफलता को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं और यही नहीं इससे लोगों के बीच दहशत फैला रहे हैं। 

अग्नानी ने अपने पत्र में कहा कि महामारी की रोकथाम के लिए  मौजूदा टीकाकरण अभियान में आपके सतत सहयोग जरूरत है। रिपोर्ट की मानें तो महाराष्ट्र में अबतक 1,06,19,190 टीके उपलब्ध कराए हैं, जिनमें से 90,53,523 टीकों का उपयोग हुआ है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरी खुराक कवरेज केवल 27.36 फीसद (राष्ट्रीय औसत 51.49 प्रतिशत) है। यह राष्ट्रीय औसत से भी नीचे है और इसमें सुधार की अति आवश्यकता है। 

कोरोना को लेकर सरकार की चेतावनी, अगले चार हफ्ते रहेंगे काफी भयावह, लापरवाही पड़ेगी भारी

0

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को केंद्र सरकार ने चेतावनी दी है कि अगले चार हफ्ते काफी भयावह होंगे। ऐसे में लोगों की लापरवाही भारी पड़  सकती है। महामारी की दूसरी लहर को नियंत्रित करने के लिए लोगों की भागीदारी महत्वपूर्ण है। देश में कोरोना के बढ़ते मामलों और टीकाकरण की स्‍थिति को लेकर प्रेस कांफ्रेंस करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा कि देश में कुल कोविड मामलों में से 92 फीसद मरीज रिकवर हो चुके हैं। 1.3 फीसद मौतें हुई हैं। लगभग 6 फीसद नए कोविड मामले हैं। महाराष्ट्र में साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट फरवरी में 6 फीसद हो गई थी। अब यह 24 फीसद हो गई है, जो चिंता का विषय है। सबसे अधिक कोरोना के मामले वाले जिलों में 7 महाराष्ट्र के हैं। देश के कुल मामलों में से लगभग 58 फीसद मामले महाराष्ट्र में आ रहे हैं। कोविड से मृत्यु के मामलों के लगभग 34 फीसद महाराष्ट्र में दर्ज किए जा रहे हैं। महाराष्ट्र में फरवरी के दूसरे सप्ताह में 3,000 दैनिक औसत मामलों की तुलना में औसत दैनिक नए मामले 44,000 से अधिक हो गए। औसत दैनिक मृत्यु भी 32 से 250 हो गई है।

हरदोई में अवैध हथियार फैक्ट्री का पर्दाफाश, तीन लोग गिरफ्तार, असलहा और गोलियां बरामद

0

उत्तर प्रदेश के हरदोई (Hardoi) में अवैध हथियारों की फैक्ट्री (Illegal Arms Factory) का पर्दाफाश हुआ है. शाहाबाद पुलिस ने छापेमारी कर असलहा निर्माता, एक सप्लायर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं, एक शख्स फरार होने में कामयाब रहा. पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच अवैध तमंचा, भारी मात्रा में अर्धनिर्मित तमंचे, कारतूस खोखा और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं. यह असलहा फैक्ट्री एक लेखपाल के गन्ने के खेत में संचालित की जा रही थी. इसी महीने होने वाले पंचायत चुनाव (UP Panchayat Election 2021) को देखते हुए पुलिस इसे बड़ी कामयाबी मान रही है.

मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) कपिल देव सिंह ने बताया कि जनपद में पंचायत चुनाव के दृष्टिगत अवैध शस्त्र फैक्ट्री के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनुराग वत्स के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है. एएसपी पश्चिमी और सीओ शाहाबाद के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक शिव शंकर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने शाहाबाद क्षेत्र के ग्राम हिरौली में लेखपाल रामकिशन के गन्ने के खेत से अवैध तमंचा फैक्ट्री पर रेड डाला बरामद. उन्होंने कहा कि पुलिस को यहां से भारी मात्रा में बने, अर्धनिर्मित हथियार, अवैध असलहे बनाने के उपकरण कारतूस और खोखा मिले हैं.

पुलिस ने असलहा निर्माता राधेश्याम, सप्लायर रमेश और ग्राहक लल्लू को गिरफ्तार किया है. जबकि पुलिस को देखकर एक असलहा सप्लायर भाग निकलने में सफल रहा. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. असलहा सप्लायर राधेश्याम के विरुद्ध मुरादाबाद के काठ थाना में भी एक मुकदमा पंजीकृत है. एएसपी कपिलदेव सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव के लिए यह तैयारी चल रही थी सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है.